सोमवार, 18 मई 2026

श्रीमद्भागवतमहापुराण षष्ठ स्कन्ध - अठारहवाँ अध्याय..(पोस्ट०६)

॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥

श्रीमद्भागवतमहापुराण 
षष्ठ स्कन्ध – अठारहवाँ अध्याय..(पोस्ट०६)

अदिति और दिति की सन्तानों की तथा मरुद्गण की उत्पत्ति का वर्णन

श्रीशुक उवाच
हतपुत्रा दितिः शक्र पार्ष्णिग्राहेण विष्णुना
मन्युना शोकदीप्तेन ज्वलन्ती पर्यचिन्तयत् ||२३||
कदा नु भ्रातृहन्तारमिन्द्रि याराममुल्बणम्
अक्लिन्नहृदयं पापं घातयित्वा शये सुखम् ||२४||
कृमिविड्भस्मसंज्ञासीद्यस्येशाभिहितस्य च
भूतध्रुक्तत्कृते स्वार्थं किं वेद निरयो यतः ||२५||
आशासानस्य तस्येदं ध्रुवमुन्नद्धचेतसः
मदशोषक इन्द्र स्य भूयाद्येन सुतो हि मे ||२६||
इति भावेन सा भर्तुराचचारासकृत्प्रियम्
शुश्रूषयानुरागेण प्रश्रयेण दमेन च ||२७||
भक्त्या परमया राजन्मनोज्ञैर्वल्गुभाषितैः
मनो जग्राह भावज्ञा सस्मितापाङ्गवीक्षणैः ||२८||

श्रीशुकदेवजी कहने लगे—परीक्षित्‌ ! भगवान्‌ विष्णु ने इन्द्र का पक्ष लेकर दितिके दोनों पुत्र हिरण्यकशिपु और हिरण्याक्ष को मार डाला। अत: दिति शोककी आगसे उद्दीप्त क्रोधसे जलकर इस प्रकार सोचने लगी ॥ २३ ॥ ‘सचमुच इन्द्र बड़ा विषयी, क्रूर और निर्दयी है। राम ! राम ! उसने अपने भाइयोंको ही मरवा डाला। वह दिन कब होगा, जब मैं भी उस पापीको मरवाकर आरामसे सोऊँगी ॥ २४ ॥ लोग राजाओंके, देवताओंके शरीरको ‘प्रभु’ कहकर पुकारते हैं; परंतु एक दिन वह कीड़ा, विष्ठा या राखका ढेर हो जाता है, इसके लिये जो दूसरे प्राणियोंको सताता है, उसे अपने सच्चे स्वार्थ या परमार्थका पता नहीं है; क्योंकि इससे तो नरकमें जाना पड़ेगा ॥ २५ ॥ मैं समझती हूँ इन्द्र अपने शरीरको नित्य मानकर मतवाला हो रहा है। उसे अपने विनाशका पता ही नहीं है। अब मैं वह उपाय करूँगी, जिससे मुझे ऐसा पुत्र प्राप्त हो, जो इन्द्रका घमंड चूर-चूर कर दे’ ॥ २६ ॥ दिति अपने मनमें ऐसा विचार करके सेवा-शुश्रूषा, विनय-प्रेम और जितेन्द्रियता आदिके द्वारा निरन्तर अपने पतिदेव कश्यपजीको प्रसन्न रखने लगी ॥ २७ ॥ वह अपने पतिदेवके हृदयका एक-एक भाव जानती रहती थी और परम प्रेमभाव, मनोहर एवं मधुर भाषण तथा मुसकानभरी तिरछी चितवनसे उनका मन अपनी ओर आकर्षित करती रहती थी ॥ २८ ॥ 

शेष आगामी पोस्ट में --
गीताप्रेस,गोरखपुर द्वारा प्रकाशित श्रीमद्भागवतमहापुराण  (विशिष्टसंस्करण)  पुस्तककोड 1535 से


1 टिप्पणी:

श्रीमद्भागवतमहापुराण षष्ठ स्कन्ध - अठारहवाँ अध्याय..(पोस्ट०७)

॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥ श्रीमद्भागवतमहापुराण  षष्ठ स्कन्ध – अठारहवाँ अध्याय..(पोस्ट०७) अदिति और दिति की सन्तानों की तथा मरुद्गण की उत्पत्त...