इस ब्लॉग का ध्येय, सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति का प्रसार करना तथा सन्तों के दुर्लभ प्रवचनों को जन-जन तक पहुंचाने का है | हम केवल धार्मिक और आध्यात्मिक विषयों पर प्रामाणिक जानकारियों को ही प्रकाशित करते हैं। आत्मकल्याण तथा दुर्लभ-सत्संग हेतु हमसे जुड़ें और अपने सभी परिवारजनों और मित्रों को इसके लाभ की बात बताकर सबको जोड़ने का प्रयास करें | भगवान् में लगना और दूसरों को लगाना ‘परम-सेवा’ है | अतः इसका लाभ उठाना चाहिए |
लेबल
- आसुरि
- गीता
- परलोक और पुनर्जन्म
- पुरुषसूक्त
- प्रश्नोत्तरी ‘मणिरत्नमाला’
- मानस में नाम-वन्दना
- विविध
- विवेक चूडामणि
- वैदिक सूक्त
- श्रीगर्ग-संहिता
- श्रीदुर्गासप्तशती
- श्रीमद्भगवद्गीता
- श्रीमद्भागवत महापुराण स्कन्ध 7 से 12
- श्रीमद्भागवतमहापुराण स्कंध 1 से 6
- श्रीमद्भागवतमाहात्म्य
- श्रीमद्भागवतमाहात्म्यम् (स्कन्दपुराणान्तर्गत)
- स्तोत्र
- हनुमानबाहुक
रविवार, 24 मार्च 2024
श्रीमद्भागवतमहापुराण प्रथम स्कन्ध - नवां अध्याय..(पोस्ट..०१)
शनिवार, 23 मार्च 2024
श्रीगर्ग-संहिता (गोलोकखण्ड) दूसरा अध्याय (पोस्ट 04)
# श्रीहरि:
#
श्रीगर्ग-संहिता
(गोलोकखण्ड)
दूसरा
अध्याय (पोस्ट 04)
ब्रह्मादि
देवों द्वारा गोलोकधाम का दर्शन
समुद्रवद्दुग्धदाश्च
तरुणीकरचिह्निताः ।
कुरंगवद्विलङ्घद्भिर्गोवत्सैर्मण्डिताः शुभाः ॥४६॥
इतस्ततश्चलन्तश्च गोगणेषु महावृषाः ।
दीर्घकन्धरशृङ्गाढ्या यत्र धर्मधुरंधराः ॥४७॥
गोपाला वेत्रहस्ताश्च श्यामा वंशीधराः पराः ।
कृष्णलीलां प्रगायन्तो रागैर्मदनमोहनैः ॥४८॥
इत्थं निजनिकुञ्जं तं नत्वा मध्ये गताः सुराः ।
ज्योतिषां मण्डलं पद्मं सहस्रदलशोभितम् ॥४९॥
तदूर्ध्वं षोडशदलं ततोऽष्टदलपङ्कजम् ।
तस्योपरि स्फुरद्दीर्घं सोपानत्रयमण्डितम् ॥५०॥
सिंहासनं परं दिव्यं कौस्तुभैः खचितं शुभैः ।
ददृशुर्देवताः सर्वाः श्रीकृष्णं राधया युतम् ॥५१॥
दिव्यैरष्टसखीसङ्घैर्मोहिन्यादिभिरन्वितम् ।
श्रीदामाद्यैः सेव्यमानमष्टगोपालसेवितैः ॥५२॥
हंसाभैर्व्यजनान्दोलचामरैर्वज्रमुष्टिभिः ।
कोटिचन्द्रप्रतीकाशैः सेवितं छत्रकोटिभिः ॥५३॥
श्री राधिकालङ्कृतवामबाहुं
स्वच्छन्दवक्री- कृतदक्षिणाङ्घ्रिम् ।
वंशीधरं सुन्दरमन्दहासं
भ्रूमण्डलामोहितकामराशिम् ॥५४॥
घनप्रभं पद्मदलायुतेक्षणं
प्रलम्बबाहुं बहुपीतवाससम् ।
वृन्दावनोन्मत्तमिलिन्दशब्दै-
र्विराजितं श्रीवनमालया हरिम् ॥५५॥
काञ्जीकलाकङ्कणनूपुरद्युतिं
लसन्मनोहारि महोज्ज्वलस्मितम् ।
श्रीवत्सरत्नोत्तम कुन्तलश्रियं
किरीटहाराङ्गदकुण्डलत्विषम् ॥५६॥
दृष्ट्वा तमानन्दसमुद्रमग्नव-
त्प्रहर्षिताश्चाश्रु- कलाकुलेक्षणाः ।
ततः सुराः प्राञ्जलयो नतानना
नेमुर्मुरारिं पुरुषं परायणम् ॥५७॥
दूध
देनेमें समुद्रकी तुलना करनेवाली उन गायोंके शरीरपर तरुणियोंके करचिह्न शोभित हैं,
अर्थात् युवतियोंके हाथोंके रंगीन छापे दिये गये हैं। हिरनके समान
छलांग भरनेवाले बछड़ोंसे उनकी अधिक शोभा बढ़ गयी है। गायों के झुंड में विशाल
शरीरवाले साँड़ भी
उधर
घूम रहे हैं उनकी लंबी गर्दन और बड़े-बड़े
सींग हैं। उन साँड़ों को साक्षात् धर्मधुरंधर कहा जाता है ॥ ४६-४७ ॥
गौओंकी
रक्षा करनेवाले चरवाहे भी अनेक हैं। उनमेंसे कुछ तो हाथमें बेंतकी छड़ी लिये हुए
हैं। और दूसरोंके हाथोंमें सुन्दर बाँसुरी शोभा पाती है। उन सबके शरीरका रंग
श्यामल है। वे भगवान् श्रीकृष्णचन्द्रकी लीलाएँ ऐसे मधुर स्वरोंमें गाते हैं कि
उसे सुनकर कामदेव भी मोहित हो जाता है | ४८
॥
इस
'दिव्य निज निकुञ्ज' को सम्पूर्ण देवताओं ने प्रणाम
किया और भीतर चले गये । वहाँ उन्हें हजार दलवाला एक बहुत बड़ा कमल दिखायी पड़ा। वह
ऐसा सुशोभित था, मानो प्रकाश का पुञ्ज हो ॥ ४९ ॥
उसके
ऊपर एक सोलह दलका कमल है तथा उसके ऊपर भी एक आठ दलवाला कमल है। उसके ऊपर चमचमाता
हुआ एक ऊँचा सिंहासन है। तीन सीढ़ियों से सम्पन्न वह परम दिव्य सिंहासन कौस्तुभ
मणियों से जटित होकर अनुपम शोभा पाता है । श्रीकृष्णचन्द्र श्रीराधिका जी के साथ
विराजमान हैं। ऐसी झाँकी उन समस्त देवताओं को मिली ॥ ५०-५१ ॥
वे
युगलरूप भगवान् मोहिनी आदि आठ दिव्य सखियों से समन्वित तथा श्रीदामा प्रभृति आठ
गोपालोंके द्वारा सेवित हैं। उनके ऊपर हंस के समान सफेद रंगवाले पंखे झले जा रहे
हैं और हीरों से बनी मूँठवाले चँवर डुलाये जा रहे हैं। भगवान् की सेवामें करोंड़ो
ऐसे छत्र प्रस्तुत हैं, जो कोटि चन्द्रमाओंकी
प्रभासे तुलित हो सकते हैं ॥ ५२-५३ ॥
भगवान्
श्रीकृष्णके वामभाग में विराजित श्रीराधिकाजी से उनकी बायीं भुजा सुशोभित है।
भगवान् ने स्वेच्छापूर्वक अपने दाहिने पैर को टेढ़ा कर रखा है। वे हाथ में बाँसुरी
धारण किये हुए हैं। उन्होंने मनोहर मुसकानसे भरे और भ्रुकुटि-विलाससे अनेक
कामदेवोंको मोहित कर रखा है ॥ ५४ ॥
उन
श्रीहरिकी मेघके समान श्यामल कान्ति है । कमल-दलकी भाँति बड़ी विशाल उनकी आँखें
हैं। घुटनोंतक लंबी बड़ी भुजाओंवाले वे प्रभु अत्यन्त पीले वस्त्र पहने हुए हैं।
भगवान् गलेमें सुन्दर वनमाला धारण किये हुए हैं, जिसपर वृन्दावनमें विचरण करनेवाले मतवाले भ्रमरोंकी गुंजार हो रही है।
पैरोंमें घुंघरू और हाथोंमें कङ्कणकी छटा छिटका रहे हैं। अति सुन्दर मुसकान मनको
मोहित कर रही है। श्रीवत्सका चिह्न, बहुमूल्य रत्नोंसे बने
हुए किरीट, कुण्डल, बाजूबंद और हार
यथास्थान भगवान्- की शोभा बढ़ा रहे हैं।
भगवान् श्रीकृष्ण के ऐसे दिव्य दर्शन प्राप्तकर सम्पूर्ण देवता आनन्द के
समुद्र में गोता खाने लगे। अत्यन्त हर्षके कारण उनकी आँखों से आँसुओंकी धारा बह
चली। तब सम्पूर्ण देवताओंने हाथ जोड़कर विनीत- भाव से उन परम पुरुष श्रीकृष्ण
चन्द्रको प्रणाम किया ॥ ५५-५७ ॥
इस
प्रकार श्रीगर्ग-संहिता में गोलोकखण्ड के अन्तर्गत नारद-बहुलाश्व-संवाद में 'श्रीगोलोकधाम का वर्णन' नामक दूसरा अध्याय पूरा हुआ
॥ २ ॥
शेष
आगामी पोस्ट में --
गीताप्रेस,गोरखपुर द्वारा प्रकाशित श्रीगर्ग-संहिता पुस्तक कोड 2260 से
श्रीमद्भागवतमहापुराण प्रथम स्कन्ध - आठवां अध्याय..(पोस्ट..१४)
शुक्रवार, 22 मार्च 2024
श्रीगर्ग-संहिता (गोलोकखण्ड) दूसरा अध्याय (पोस्ट 03)
# श्रीहरि:
#
श्रीगर्ग-संहिता
(गोलोकखण्ड)
ब्रह्मादि
देवों द्वारा गोलोकधाम का दर्शन
श्रीनारद
उवाच -
उपहास्यं गता देवा इत्थं तूष्णीं स्थिताः पुनः ।
चकितानिव तान् दृष्ट्वा विष्णुर्वचनमब्रवीत् ॥२९॥
श्रीविष्णुरुवाच -
यस्मिन्नण्डे पृश्निगर्भोऽवतारोऽभूत्सनातन ।
त्रिविक्रमनखोद्भिन्ने तस्मिन्नण्डे स्थिता वयम् ॥३०॥
श्रीनारद उवाच -
तच्छ्रुत्वा तं च संश्लाघ्य शीघ्रमन्तःपुरं गता
पुनरागत्य देवेभ्योऽप्याज्ञां दत्त्वा गताः पुरम् ॥३१॥
अथ देवगणाः सर्वे गोलोकं ददृशुः परम् ।
तत्र गोवर्धनो नाम गिरिराजो विराजते ॥३२॥
वसन्तमानिनीभिश्च गोपीभिर्गोगणैर्वृतः ।
कल्पवृक्षलतासङ्घै रासमण्डलमण्डितः ॥३३॥
यत्र कृष्णानदी श्यामा तोलिकाकोटिमण्डिता ।
वैदूर्यकृत सोपाना स्वच्छन्दगतिरुत्तमा ॥३४॥
वृन्दावनं भ्राजमानं दिव्यद्रुमलताकुलम् ।
चित्रपक्षिमधुव्रतैर्वंशीवटविराजितम् ॥३५॥
पुलिने शीतले वायुर्मन्दगामी वहत्यलम् ।
सहस्रदलपद्मानां रजो विक्षेपयन्मुहुः ॥३६॥
मध्ये निजनिकुञ्जोऽस्ति द्वात्रिंशद्वनसंयुतः ।
प्राकारपरिखायुक्तोऽरुणाक्षयवटाजिरः ॥३७॥
सप्तधा पद्मरागाग्राजिरकुड्यविभूषितः ।
कोटीन्दुमण्डलाकारैर्वितानैर्गुलिकाद्युतिः ॥३८॥
पतत्पताकैर्दिव्याभैः पुष्पमन्दिरवर्त्मभिः ।
जातभ्रमरसङ्गीतो मत्तबर्हिपिकस्वनः ॥३९॥
बालार्ककुण्डलधराः शतचन्द्रप्रभाः स्त्रियः ।
स्वच्छन्दगतयो रत्नैः पश्यन्त्यः सुन्दरं मुखम् ॥४०॥
रत्नाजिरेषु धावंत्यो हारकेयूरभूषिताः ।
क्वणन्नूपुरकिङ्किण्यश्चूडामणिविराजिताः ॥४१॥
कोटिशः कोटिशो गावो द्वारि द्वारि मनोहराः ।
श्वेतपर्वतसङ्काशा दिव्यभूषणभूषिताः ॥४२॥
पयस्विन्यस्तरुण्यश्च शीलरूपगुणैर्युताः ।
सवत्साः पीतपुच्छाश्च व्रजंत्यो भव्यमूर्तिकाः ॥४३॥
घण्टामंजीरसंरावाः किंकिणीजालमण्डिताः ।
हेमशृङ्ग्यो हेमतुल्यहारमालास्फुरत्प्रभाः ॥४४॥
पाटला हरितास्ताम्राः पीताः श्यामा विचित्रिताः ।
धूम्राः कोकिलवर्णाश्च यत्र गावस्त्वनेकधा ॥४५॥
श्रीनारदजी
कहते हैं- राजन् ! इस प्रकार उपहासके पात्र बने हुए सब देवता चुपचाप खड़े रहे,
कुछ बोल न सके। उन्हें चकित-से देखकर भगवान् विष्णुने कहा ।। २९ ।
श्रीविष्णु
बोले- जिस ब्रह्माण्ड में भगवान् पृश्निगर्भका सनातन अवतार हुआ है तथा त्रिविक्रम
(विराट् - रूपधारी वामन) के नखसे जिस ब्रह्माण्डमें विवर बन गया है,
वहीं हम निवास करते हैं ॥ ३० ॥
श्रीनारदजी
कहते हैं- भगवान् विष्णुकी यह बात सुनकर शतचन्द्राननाने उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की
और स्वयं भीतर चली गयी। फिर शीघ्र ही आयी और सबको अन्तःपुरमें पधारनेकी आज्ञा देकर
वापस चली गयी । तदनन्तर सम्पूर्ण देवताओंने परमसुन्दर धाम गोलोकका दर्शन किया।
वहाँ 'गोवर्धन' नामक गिरिराज शोभा पा रहे थे। गिरिराजका वह
प्रदेश उस समय वसन्तका उत्सव मनानेवाली गोपियों और गौओंके समूहसे घिरा था, कल्पवृक्षों तथा कल्पलताओंके समुदायसे सुशोभित था और रास- मण्डल उसे
मण्डित ( अलंकृत) कर रहा था। वहाँ श्यामवर्णवाली उत्तम यमुना नदी स्वच्छन्द गतिसे
बह रही है। तटपर बने हुए करोड़ों प्रासाद उसकी शोभा बढ़ाते हैं तथा उस नदीमें
उतरनेके लिये वैदूर्यमणिकी सुन्दर सीढ़ियाँ बनी हैं। वहाँ दिव्य वृक्षों और
लताओंसे भरा हुआ 'वृन्दावन' अत्यन्त
शोभा पा रहा है; भाँति-भाँतिके विचित्र पक्षियों, भ्रमरों तथा वंशीवटके कारण वहाँकी सुषमा और बढ़ रही है | वहाँ सहस्रदल
कमलोंके सुगन्धित परागको चारों ओर पुनः पुनः बिखेरती हुई शीतल वायु मन्द गतिसे बह
रही है ॥ ३१-३६ ॥
वृन्दावन
के मध्यभाग में बत्तीस वनोंसे युक्त एक 'निज
निकुञ्ज' है। चहारदीवारियाँ और खाइयाँ उसे सुशोभित कर रही
हैं। उसके आँगनका भाग लाल वर्णवाले अक्षयवटोंसे अलंकृत है। पद्मरागादि सात
प्रकारकी मणियोंसे बनी दीवारें तथा आँगनके फर्श बड़ी शोभा पाते हैं। करोड़ों
चन्द्रमाओंके मण्डलकी छवि धारण करनेवाले चंदोवे उसे अलंकृत कर रहे हैं तथा उनमें
चमकीले गोले लटक रहे हैं। फहराती हुई दिव्य पताकाएँ एवं खिले हुए फूल मन्दिरों एवं
मार्गोंकी शोभा बढ़ाते हैं। वहाँ भ्रमरोंके गुञ्जारव संगीतकी सृष्टि करते हैं। तथा
मत्त मयूरों और कोकिलोंके कलरव सदा श्रवणगोचर होते हैं ॥ ३७-३९ ॥
वहाँ
बालसूर्य के सदृश कान्तिमान् अरुण पीत कुण्डल धारण करनेवाली ललनाएँ शत-शत
चन्द्रमाओंके समान गौरवर्णसे उद्भासित होती हैं। स्वच्छन्द गतिसे चलनेवाली वे
सुन्दरियाँ मणिरत्नमय भित्तियोंमें अपना मनोहर मुख देखती हुई वहाँके रत्नजटित
आँगनोंमें भागती फिरती हैं। उनके गलेमें हार और बाँहोंमें केयूर शोभा देते हैं।
नूपूरों तथा करधनीकी मधुर झनकार वहाँ गूँजती रहती है। वे गोपाङ्गनाएँ मस्तकपर
चूड़ामणि धारण किये रहती हैं ॥ ४०-४१ ॥
वहाँ
द्वार-द्वारपर कोटि-कोटि मनोहर गौओंके दर्शन होते हैं। वे गौएँ दिव्य आभूषणोंसे
विभूषित हैं और श्वेत पर्वतके समान प्रतीत होती हैं। सब की सब दूध देनेवाली तथा
नयी अवस्थाकी हैं। सुशीला, सुरुचा तथा सद्गुणवती
हैं। सभी सवत्सा और पीली पूँछकी हैं। ऐसी भव्यरूपवाली गौएँ वहाँ सब ओर विचर रही
हैं ॥ ४२-४३ ॥
उनके
घंटों तथा मञ्जीरों से मधुर ध्वनि होती रहती है। उसीपर भगवान् किङ्किणीजालों से
विभूषित उन गौओंके सींगों में सोना मढ़ा गया है। वे सुवर्ण-तुल्य हार एवं मालाएँ
धारण करती हैं। उनके अङ्गों से प्रभा छिटकती रहती है। सभी गौएँ भिन्न-भिन्न
रंगवाली हैं— कोई उजली, कोई काली, कोई पीली, कोई लाल, कोई हरी,
कोई ताँबेके रंगकी और कोई चितकबरे रंगकी हैं। किन्हीं - किन्हींका
वर्ण धुए-जैसा है। बहुत-सी कोयलके समान रंगबाली हैं ॥ ४४-४५ ॥
शेष
आगामी पोस्ट में --
गीताप्रेस,गोरखपुर द्वारा प्रकाशित श्रीगर्ग-संहिता पुस्तक कोड 2260 से
श्रीमद्भागवतमहापुराण प्रथम स्कन्ध - आठवां अध्याय..(पोस्ट..१३)
गुरुवार, 21 मार्च 2024
श्रीगर्ग-संहिता (गोलोकखण्ड) दूसरा अध्याय (पोस्ट 02)
# श्रीहरि:
#
श्रीगर्ग-संहिता
(गोलोकखण्ड)
दूसरा
अध्याय (पोस्ट 02)
ब्रह्मादि
देवों द्वारा गोलोकधाम का दर्शन
तदूर्ध्वं
ददृशुर्देवा विरजायास्तटं शुभम् ।
तरंगितं क्षौम शुभ्रं सोपानैर्भास्करं परम् ॥१४॥
तं दृष्ट्वा प्रचलन्तस्ते तत्पुरं जग्मुरुत्तमम् ।
असंख्यकोटिमार्तण्ड ज्योतिषां मण्डलं महत् ॥१५॥
दृष्ट्वा प्रताडिताक्षास्ते तेजसा धर्षिताः स्थिताः ।
नमस्कृत्वाऽथ तत्तेजो दध्यौ विष्ण्वाज्ञया विधिः ॥१६॥
तज्ज्योतिर्मण्डलेऽपश्यत्साकारं धाम शान्तिमत् ।
तस्मिन्महाद्भुतं दीर्घं मृणालधवलं परम् ।
सहस्रवदनं शेषं दृष्ट्वा नेमुः सुरास्ततः ॥१७॥
तस्योत्संगे महालोको गोलोको लोकवन्दितः ।
यत्र कालः कलयतामीश्वरो धाममानिनाम् ॥१८॥
राजन्न प्रभवेन्माया मनश्चित्तं मतिर्ह्यहम् ।
न विकारो विशत्येव न महांश्च गुणाः कुतः ॥१९॥
तत्र कन्दर्पलावण्याः श्यामसुन्दरविग्रहाः ।
द्वारि गंतुं चाभ्युदिता न्यषेधन्कृष्णपार्षदाः ॥२०॥
श्रीदेवा ऊचुः -
लोकपाला वयं सर्वे ब्रह्मविष्णुमहेश्वराः ।
श्रीकृष्णदर्शनार्थाय शक्राद्या आगता इह ॥२१॥
श्रीनारद उवाच -
तच्छ्रुत्वा तदभिप्रायं श्रीकृष्णाय सखीजनाः ।
ऊचुर्देवप्रतीहारा गत्वा चान्तःपुरं परम् ॥२२॥
तदा विनिर्गता काचिच्छतचन्द्रानना सखी ।
पीतांबरा वेत्रहस्ता सापृच्छद्वाञ्छितं सुरान् ॥२३॥
श्रीशतचन्द्राननोवाच -
कस्याण्डस्याधिपा देवा यूयं सर्वे समागताः ।
वदताशु गमिष्यामि तस्मै भगवते ह्यहम् ॥२४॥
श्रीदेवा ऊचुः -
अहो अण्डान्युतान्यानि नास्माभिर्दर्शितानि च ।
एकमण्डं प्रजानीमोऽथोऽपरं नास्ति नः शुभे ॥२५॥
श्रीशतचन्द्राननोवाच -
ब्रह्मदेव लुठन्तीह कोटिशो ह्यण्डराशयः ।
तेषां यूयं यथा देवास्तथाण्डेऽण्डे पृथक् पृथक् ॥२६॥
नामग्रामं न जानीथ कदा नात्र समागताः ।
जडबुद्ध्या प्रहृष्यध्वे गृहान्नापि विनिर्गताः ॥२७॥
ब्रह्माण्डमेकं जानन्ति यत्र जातास्तथा जनाः ।
मशका च यथान्तःस्था औदुंबरफलेषु वै ॥२८॥
वहीं
ऊपर देवताओंने विरजानदी का सुन्दर तट देखा, जिससे
विरजा की तरंगें टकरा रही थीं। वह तटप्रदेश उज्ज्वल रेशमी वस्त्रके समान शुभ्र
दिखायी देता था । दिव्य मणिमय सोपानोंसे वह अत्यन्त उद्भासित हो रहा था। तटकी शोभा
देखते और आगे बढ़ते हुए वे देवता उस उत्तम नगरमें पहुँचे, जो
अनन्तकोटि सूर्योकी ज्योतिका महान् पुञ्ज जान पड़ता था । उसे देखकर देवताओंकी
आँखें चौंधिया गयीं। वे उस तेजसे पराभूत हो जहाँ-के-तहाँ खड़े रह गये। तब भगवान्
विष्णुकी आज्ञाके अनुसार उस तेजको प्रणाम करके ब्रह्माजी उसका ध्यान करने लगे। उसी
ज्योतिके भीतर उन्होंने एक परम शान्तिमय साकार धाम देखा । उसमें परम अद्भुत,
कमलनालके समान धवल-वर्ण हजार मुखवाले शेषनागका दर्शन करके सभी
देवताओंने उन्हें प्रणाम किया । राजन् ! उन शेषनागकी गोदमें महान् आलोकमय
लोकवन्दित गोलोकधामका दर्शन हुआ, जहाँ धामाभिमानी देवताओंके
ईश्वर तथा गणनाशीलोंमें प्रधान कालका भी कोई वश नहीं चलता । वहाँ माया भी अपना
प्रभाव नहीं डाल सकती । मन, चित्त, बुद्धि,
अहंकार, सोलह विकार तथा महत्तत्त्व भी वहाँ
प्रवेश नहीं कर सकते हैं; फिर तीनों गुणोंके विषयमें तो कहना
ही क्या है ! वहाँ कामदेवके समान मनोहर रूप लावण्य- शालिनी, श्यामसुन्दरविग्रहा
श्रीकृष्णपार्षदा द्वारपाल- का कार्य करती थीं। देवताओंको द्वारके भीतर जानेके
लिये उद्यत देख उन्होंने मना किया ॥१४- २० ॥
तब
देवता बोले- हम सभी ब्रह्मा, विष्णु, शंकर नामके लोकपाल और इन्द्र आदि देवता हैं । भगवान् श्रीकृष्णके
दर्शनार्थ यहाँ आये हैं ॥ २१ ॥
श्रीनारदजी
कहते हैं- देवताओंकी बात सुनकर उन सखियोंने, जो
श्रीकृष्णकी द्वारपालिकाएँ थीं, अन्तःपुरमें जाकर देवताओंकी
बात कह सुनायीं । तब एक सखी, जो शतचन्द्रानना नामसे विख्यात
थी, जिसके वस्त्र पीले थे और जो हाथमें बेंतकी छड़ी लिये थी,
बाहर आयी और उनसे उनका अभीष्ट प्रयोजन पूछा ॥ २२-२३ ।।
शतचन्द्रानना
बोली- यहाँ पधारे हुए आप सब देवता किस ब्रह्माण्डके निवासी हैं,
यह शीघ्र बताइये । तब मैं भगवान् श्रीकृष्णको सूचित करनेके लिये
उनके पास जाऊँगी ॥ २४ ॥
देवताओंने
कहा - अहो ! यह तो बड़े आश्चर्यकी बात है, क्या
अन्यान्य ब्रह्माण्ड भी हैं ? हमने तो उन्हें कभी नहीं देखा।
शुभे ! हम तो यहीं जानते हैं कि एक ही ब्रह्माण्ड हैं, इसके
अतिरिक्त दूसरा कोई है ही नहीं ॥ २५ ॥
शतचन्द्रानना
बोली- ब्रह्मदेव ! यहाँ तो विरजा नदीमें करोड़ों ब्रह्माण्ड इधर-उधर लुढ़क रहे
हैं। उनमें भी आप जैसे ही पृथक्-पृथक् देवता वास करते हैं। अरे ! क्या आपलोग अपना
नाम-गाँवतक नहीं जानते ? जान पड़ता है—-कभी
यहाँ आये नहीं हैं; अपनी थोड़ी सी जानकारीमें ही हर्षसे फूल
उठे हैं। जान पड़ता है, कभी घर से बाहर निकले ही नहीं। जैसे
गूलरके फलोंमें रहनेवाले कीड़े जिस फलमें रहते हैं, उसके
सिवा दूसरेको नहीं जानते, उसी प्रकार आप जैसे साधारण जन
जिसमें उत्पन्न होते हैं, एकमात्र उसीको 'ब्रह्माण्ड' समझते हैं ।। २६ - २८ ॥
शेष
आगामी पोस्ट में --
गीताप्रेस,गोरखपुर द्वारा प्रकाशित श्रीगर्ग-संहिता पुस्तक कोड 2260 से
श्रीमद्भागवतमहापुराण प्रथम स्कन्ध - आठवां अध्याय..(पोस्ट..१२)
बुधवार, 20 मार्च 2024
श्रीगर्ग-संहिता (गोलोकखण्ड) दूसरा अध्याय (पोस्ट 01)
# श्रीहरि:
#
श्रीगर्ग-संहिता
(गोलोकखण्ड)
दूसरा अध्याय (पोस्ट 01)
ब्रह्मादि देवों द्वारा
गोलोकधाम का दर्शन
जिह्वां
लब्ध्वापि यः कृष्णं कीर्तनीयं न कीर्तयेत् ।
लब्ध्वापि मोक्षनिःश्रेणिं स नारोहति दुर्मतिः ॥१॥
अथ ते संप्रवक्ष्यामि श्रीकृष्णागमनं भुवि ।
अस्मिन्वाराह कल्पे वै यद्भूतं तच्छृणु प्रभो ॥२॥
पुरा दानवदैत्यानां नराणां खलु भूभुजाम् ।
भूरिभारसमाक्रांता पृथ्वी गोरूपधारिणी ॥३॥
अनाथवद्रुदन्तीव वेदयन्ती निजव्यथाम् ।
कम्पयन्ती निजं गात्रं ब्रह्माणं शरणं गता ॥४॥
ब्रह्माथाश्वास्य तां सद्यः सर्वदेवगणैर्वृतः ।
शङ्करेण समं प्रागाद्वैकुण्ठं मंदिरं हरेः ॥५॥
नत्वा चतुर्भुजं विष्णुं स्वाभिप्रायं जगाद ह ।
अथोद्विग्नं देवगणं श्रीनाथः प्राह तं विधिम् ॥६॥
श्रीभगवानुवाच -
कृष्णं स्वयं विगणिताण्डपतिं परेशं
साक्षादखण्डमतिदेवमतीवलीलम् ।
कार्यं कदापि न भविष्यति यं विना हि
गच्छाशु तस्य विशदं पदमव्ययं त्वम् ॥७॥
श्रीब्रह्मोवाच -
त्वत्तः परं न जानामि परिपूर्णतमं स्वयम् ।
यदि योन्यस्तस्य साक्षाल्लोकं दर्शय नः प्रभो ॥८॥
श्रीनारद उवाच -
इत्युक्तोऽपि हरिः पूर्णः सर्वैर्देवगणैः सह ।
पदवीं दर्शयामास ब्रह्माण्डशिखरोपरि ॥९॥
वामपादाङ्गुष्ठनखभिन्नब्रह्माण्डमस्तके ।
श्रीवामनस्य विवरे ब्रह्म द्रवसमाकुले ॥१०॥
जलयानेन मार्गेण बहिस्ते निर्ययुः सुराः ।
कलिङ्गबिम्बवच्चेदं ब्रह्माण्डं ददृशुस्त्वधः ॥११॥
इन्द्रायनफलानीव लुठन्त्यन्यानि वै जले ।
विलोक्य विस्मिताः सर्वे बभुवुश्चकिता इव ॥१२॥
कोटिशो योजनोर्ध्वं वै पुराणामष्टकं गताः ।
दिव्यप्राकाररत्नादि द्रुमवृन्दमनोहरम् ॥१३॥
श्रीनारदजी
कहते हैं- जो जीभ पाकर भी कीर्तनीय भगवान् श्रीकृष्णका कीर्तन नहीं करता,
वह दुर्बुद्धि मनुष्य मोक्षकी सीढ़ी पाकर भी उसपर चढ़नेकी चेष्टा
नहीं करता । राजन् ! अब इस वाराहकल्पमें धराधामपर जो भगवान् श्रीकृष्णका पदार्पण
हुआ है और यहाँ उनकी जो-जो लीलाएँ हुई हैं, वह सब मैं तुमसे
कहता हूँ; सुनो।
बहुत
पहले की बात है— दानव, दैत्य, आसुर स्वभाव के मनुष्य और दुष्ट राजाओंके भारी भार से अत्यन्त पीड़ित हो,
पृथ्वी गौ का रूप धारण करके, अनाथ की भाँति
रोती-बिलखती हुई अपनी आन्तरिक व्यथा निवेदन करने के लिये ब्रह्माजी की शरण में
गयी। उस समय उसका शरीर काँप रहा था। वहाँ उसकी कष्टकथा सुनकर ब्रह्माजी ने उसे
धीरज बँधाया और तत्काल समस्त देवताओं तथा शिवजी को साथ लेकर वे भगवान् नारायण के
वैकुण्ठ- धाम में गये। वहाँ जाकर ब्रह्माजी ने चतुर्भुज भगवान् विष्णुको प्रणाम
करके अपना सारा अभिप्राय निवेदन किया। तब लक्ष्मीपति भगवान् विष्णु उन उद्विग्न
देवताओं तथा ब्रह्माजी से इस प्रकार बोले
॥ १-६ ॥
श्रीभगवान्
ने कहा- ब्रह्मन् ! साक्षात् भगवान् श्रीकृष्ण ही अगणित ब्रह्माण्डोंके स्वामी,
परमेश्वर, अखण्डस्वरूप तथा देवातीत हैं। उनकी
लीलाएँ अनन्त एवं अनिर्वचनीय हैं। उनकी कृपा के बिना यह कार्य कदापि सिद्ध नहीं
होगा, अतः तुम उन्हींके अविनाशी एवं परम उज्ज्वल धाम में
शीघ्र जाओ ॥ ७ ॥
श्रीब्रह्माजी
बोले- प्रभो ! आपके अतिरिक्त कोई दूसरा भी परिपूर्णतम तत्त्व है,
यह मैं नहीं जानता। यदि कोई दूसरा भी आपसे उत्कृष्ट परमेश्वर है,
तो उसके लोकका मुझे दर्शन कराइये ॥ ८ ॥
श्रीनारदजी
कहते हैं- ब्रह्माजीके इस प्रकार कहनेपर परिपूर्णतम भगवान् विष्णुने सम्पूर्ण
देवताओं सहित ब्रह्माजीको ब्रह्माण्ड-शिखरपर विराजमान गोलोकधामका मार्ग दिखलाया ।
वामनजीके पैरके बायें अँगूठेसे ब्रह्माण्डके शिरोभागका भेदन हो जानेपर जो छिद्र
हुआ,
वह 'ब्रह्मद्रव' (नित्य
अक्षय नीर) से परिपूर्ण था । सब देवता उसी मार्गसे वहाँके लिये नियत जलयानद्वारा
बाहर निकले। वहाँ ब्रह्माण्डके ऊपर पहुँचकर उन सबने नीचेकी ओर उस ब्रह्माण्डको
कलिङ्गबिम्ब (तूंबे) की भाँति देखा। इसके अतिरिक्त अन्य भी बहुत-से ब्रह्माण्ड उसी
जलमें इन्द्रायण-फलके सदृश इधर-उधर लहरोंमें लुढ़क रहे थे। यह देखकर सब देवताओंको
विस्मय हुआ। वे चकित हो गये । वहाँसे करोड़ों योजन ऊपर आठ नगर मिले, जिनके चारों ओर दिव्य चहारदीवारी शोभा बढ़ा रही थी और झुंड-के-झुंड
रत्नादिमय वृक्षोंसे उन पुरियों की मनोरमता बढ़ गयी थी ॥ ९-१३ ॥
शेष
आगामी पोस्ट में --
गीताप्रेस,गोरखपुर द्वारा प्रकाशित श्रीगर्ग-संहिता पुस्तक कोड 2260 से
श्रीमद्भागवतमहापुराण प्रथम स्कन्ध - आठवां अध्याय..(पोस्ट..११)
मंगलवार, 19 मार्च 2024
श्रीगर्ग-संहिता (गोलोकखण्ड) पहला अध्याय (पोस्ट 02)
# श्रीहरि:
#
श्रीगर्ग-संहिता
(गोलोकखण्ड)
पहला
अध्याय (पोस्ट 02)
शौनक
- गर्ग-संवाद; राजा बहुलाश्व के
पूछने पर नारदजी के द्वारा अवतार-भेद का निरूपण
श्रीनारद
उवाच -
अंशांशोंऽशस्तथावेशः कलापूर्णः प्रकथ्यते ।
व्यासाद्यैश्च स्मृतः षष्ठः परिपूर्णतमः स्वयम् ॥१६॥
अंशांशस्तु मरीच्यादिरंशा ब्रह्मादयस्तथा ।
कलाः कपिलकूर्माद्या आवेशा भार्गवादयः ॥१७॥
पूर्णो नृसिंहो रामश्च श्वेतद्वीपाधिपो हरिः ।
वैकुण्ठोऽपि तथा यज्ञो नरनारायणः स्मृतः ॥१८॥
परिपूर्णतमः साक्षाच्छ्रीकृष्णो भगवान् स्वयम् ।
असंख्यब्रह्माण्डपतिर्गोलोके धाम्नि राजते ॥१९॥
कार्याधिकारं कुर्वन्तः सदंशास्ते प्रकिर्तिताः ।
तत्कार्यभारं कुर्वन्तस्तेंऽशांशा विदिताः प्रभोः ॥२०॥
येषामन्तर्गतो विष्णुः कार्यं कृत्वा विनिर्गतः ।
नानाऽऽवेषावतारांश्च विद्धि राजन्महामते ॥२१॥
धर्मं विज्ञाय कृत्वा यः पुनरन्तरधीयत ।
युगे युगे वर्तमानः सोऽवतारः कला हरेः ॥२२॥
चतुर्व्यूहो भवेद्यत्र दृश्यन्ते च रसा नव ।
अतः परं च वीर्याणि स तु पूर्णः प्रकथ्यते ॥२३॥
यस्मिन्सर्वाणि तेजांसि विलीयन्ते स्वतेजसि ।
तं वदन्ति परे साक्षात्परिपूर्णतमं स्वयम् ॥२४॥
पूर्णस्य लक्षणं यत्र तं पश्यन्ति पृथक् पृथक् ।
भावेनापि जनाः सोऽयं परिपूर्णतमः स्वयम् ॥२५॥
परिपूर्णतमः साक्षाच्छ्रीकृष्णो नान्य एव हि ।
एककार्यार्थमागत्य कोटिकार्यं चकार ह ॥२६॥
पूर्णः पुराणः पुरुषोत्तमोत्तमः
परात्परो यः पुरुषः परेश्वरः ।
स्वयं सदाऽऽनन्दमयं कृपाकरं
गुणाकरं तं शरणं व्रजाम्यहम् ॥२७॥
श्रीगर्ग उवाच -
तच्छ्रुत्वा हर्षितो राजा रोमाञ्ची प्रेमविह्वलः ।
प्रमृश्य नेत्रेऽश्रुपूर्णे नारदं वाक्यमब्रवीत् ॥२८॥
श्रीबहुलाश्व उवाच -
परिपूर्णतमः साक्षाच्छ्रीकृष्णो केन हेतुना ।
आगतो भारते खण्डे द्वारवत्यां विराजते ॥२९॥
तस्य गोलोकनाथस्य गोलोकं धाम सुन्दरम् ।
कर्माण्यपरिमेयानि ब्रूहि ब्रह्मन् बृहन्मुने ॥३०॥
यदा तीर्थाटनं कुर्वञ्छतजन्मतपःपरम् ।
तदा सत्सङ्गमेत्याशु श्रीकृष्णं प्राप्नुयान्नरः ॥३१॥
श्रीकृष्णदासस्य च दासदासः
कदा भवेयं मनसाऽऽर्द्रचित्तः ।
यो दुर्लभो देववरैः परात्मा
स मे कथं गोचर आदिदेवः ॥३२॥
धन्यस्त्वं राजशार्दूल श्रीकृष्णेष्टो हरिप्रियः ।
तुभ्यं च दर्शनं दातुं भक्तेशोऽत्रागमिष्यति ॥३३॥
त्वं नृपं श्रुतदेवं च द्विजदेवो जनार्दनः ।
स्मरत्यलं द्वारकायामहो भाग्यं सतामिह ॥३४॥
श्रीनारदजी
बोले – राजन् ! व्यास आदि मुनियों ने अंशांश, अंश,
आवेश, कला, पूर्ण और
परिपूर्णतम – ये छः प्रकारके अवतार बताये हैं। इनमेंसे छठा – परिपूर्णतम अवतार
साक्षात् भगवान् श्रीकृष्ण ही हैं। मरीचि आदि 'अंशांशावतार',
ब्रह्मा आदि ‘अंशावतार', कपिल एवं कूर्म
प्रभृति 'कलावतार' और परशुराम आदि 'आवेशावतार' कहे गये हैं। नृसिंह, राम, श्वेतद्वीपाधिपति हरि, वैकुण्ठ,
यज्ञ और नर-नारायण – ये 'पूर्णावतार' हैं एवं साक्षात्
भगवान्
श्रीकृष्ण ही 'परिपूर्णतम' अवतार
हैं। असंख्य ब्रह्माण्डों के अधिपति वे प्रभु गोलोकधाम में विराजते हैं ।। १६-१९
।।
जो
भगवान् के दिये सृष्टि आदि कार्यमात्र के अधिकार का पालन करते हैं,
वे ब्रह्मा आदि 'सत्' (सत्स्वरूप
भगवान्) के अंश हैं। जो उन अंशों के कार्यभारमें हाथ बटाते हैं, वे 'अंशांशावतार' के नाम से
विख्यात हैं। परम बुद्धिमान् नरेश ! भगवान् विष्णु स्वयं जिनके अन्तःकरण में
आविष्ट हो, अभीष्ट कार्य का सम्पादन करके फिर अलग हो जाते
हैं, राजन् ! ऐसे नानाविध अवतारों को 'आवेशावतार'
समझो। जो प्रत्येक युगमें प्रकट हो, युगधर्मको
जानकर, उसकी स्थापना करके, पुनः
अन्तर्धान हो जाते हैं, भगवान् के उन अवतारों को 'कलावतार' कहा गया है ।। २०-२२।।
जहाँ
चार व्यूह प्रकट हों-जैसे श्रीराम, लक्ष्मण,
भरत तथा शत्रुघ्न एवं वासुदेव, संकर्षण,
प्रद्युम्न और अनिरुद्ध, तथा जहाँ नौ रसों की
अभिव्यक्ति देखी जाती हो एवं जहाँ बल-पराक्रमकी भी पराकाष्ठा दृष्टिगोचर होती हो,
भगवान् के उस अवतारको 'पूर्णावतार' कहा गया है। जिसके अपने तेजमें अन्य सम्पूर्ण तेज विलीन हो जाते हैं,
भगवान् के उस अवतारको श्रेष्ठ विद्वान् पुरुष साक्षात् 'परिपूर्णतम' बताते हैं। जिस अवतारमें पूर्णका पूर्ण
लक्षण दृष्टिगोचर होता है और मनुष्य जिसे पृथक्- पृथक् भावके अनुसार अपने परम
प्रिय रूपमें देखते हैं, वही यह साक्षात् 'परिपूर्णतम' अवतार है ।। २३-२५ ।।
[इन
सभी लक्षणोंसे सम्पन्न ] स्वयं परिपूर्णतम भगवान् श्रीकृष्ण ही हैं,
दूसरा नहीं; क्योंकि श्रीकृष्णने एक कार्यके
उद्देश्यसे अवतार लेकर अन्यान्य करोड़ों कार्यों का सम्पादन किया है। जो पूर्ण,
पुराण पुरुषोत्तमोत्तम एवं परात्पर पुरुष परमेश्वर हैं, उन साक्षात् सदानन्दमय, कृपानिधि, गुणोंके आकर भगवान् श्रीकृष्णचन्द्रकी मैं शरण लेता हूँ ।।
श्रीगर्ग
जी बोले- यह सुनकर राजा हर्ष में भर गये। उनके शरीर में रोमाञ्च हो आया। वे प्रेम से
विह्वल हो गये और अश्रुपूर्ण नेत्रों को पोंछकर नारदजी से यों बोले--
॥
१६–२८ ॥
राजा
बहुलाश्वने पूछा- महर्षे ! साक्षात् परिपूर्णतम भगवान् श्रीकृष्णचन्द्र सर्वव्यापी
चिन्मय गोलोकधामसे उतरकर जो भारतवर्षके अन्तर्गत द्वारकापुरीमें विराज रहे हैं—
इसका क्या कारण हैं ? ब्रह्मन् ! उन भगवान्
श्रीकृष्णके सुन्दर बृहत् (विशाल या ब्रह्मस्वरूप) गोलोकधामका वर्णन कीजिये।
महामुने ! साथ ही उनके अपरिमेय कार्योंको भी कहनेकी कृपा कीजिये । मनुष्य जब
तीर्थयात्रा तथा सौ जन्मोंतक उत्तम तपस्या करके उसके फलस्वरूप सत्सङ्गका सुअवसर
पाता है, तब वह भगवान् श्रीकृष्णचन्द्र को शीघ्र प्राप्त कर
लेता है। कब मैं भक्तिरस से आर्द्रचित्त हो मनसे भगवान् श्रीकृष्ण के दास का भी
दासानुदास होऊँगा ? जो सम्पूर्ण देवताओंके लिये भी दुर्लभ
हैं, वे परब्रह्म परमात्मा आदिदेव भगवान् श्रीकृष्ण मेरे
नेत्रोंके समक्ष कैसे होंगे ?* ॥ २९-३२ ॥
श्रीनारदजी
बोले – नृपश्रेष्ठ ! तुम धन्य हो, भगवान्
श्रीकृष्णचन्द्र के अभीष्ट जन हो और उन श्रीहरिके परम प्रिय भक्त हो। तुम्हें
दर्शन देनेके लिये ही वे भक्तवत्सल भगवान् यहाँ अवश्य पधारेंगे। ब्रह्मण्यदेव
भगवान् जनार्दन द्वारका में रहते हुए भी तुम्हें और ब्राह्मण श्रुतदेवको याद करते
रहते हैं । अहो ! इस लोक में संतों का कैसा सौभाग्य है ! ॥ ३३—३४ ॥
इस
प्रकार श्रीगर्गसंहिता में गोलोकखण्ड के अन्तर्गत नारद- बहुलाश्व-संवाद में 'श्रीकृष्णमाहात्म्य
का वर्णन' नामक पहला अध्याय पूरा हुआ ॥ १ ॥
गीताप्रेस,गोरखपुर द्वारा
प्रकाशित श्रीगर्ग-संहिता पुस्तक कोड 2260
से
श्रीमद्भागवतमहापुराण सप्तम स्कन्ध - नवाँ अध्याय..(पोस्ट०२)
॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥ श्रीमद्भागवतमहापुराण सप्तम स्कन्ध – नवाँ अध्याय..(पोस्ट०२) प्रह्लादजी के द्वारा नृसिंहभगवान् की स्तुति श्रीप्रह्...
-
सच्चिदानन्द रूपाय विश्वोत्पत्यादि हेतवे | तापत्रय विनाशाय श्री कृष्णाय वयं नुमः श्रीमद्भागवत अत्यन्त गोपनीय — रहस्यात्मक पुरा...
-
हम लोगों को भगवान की चर्चा व संकीर्तन अधिक से अधिक करना चाहिए क्योंकि भगवान् वहीं निवास करते हैं जहाँ उनका संकीर्तन होता है | स्वयं भगवान...
-
॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥ श्रीमद्भागवतमहापुराण एकादश स्कन्ध— पाँचवाँ अध्याय..(पोस्ट०२) भक्तिहीन पुरुषों की गति और भगवान् की पूजाविधि ...
-
||ॐश्रीपरमात्मने नम:|| प्रश्नोत्तरी (स्वामी श्रीशंकराचार्यरचित ‘मणिरत्नमाला’) वक्तव्य श्रीस्वामी शंकराचार्य जी ...
-
|| ॐ नमो भगवते वासुदेवाय || “ सदा सेव्या सदा सेव्या श्रीमद्भागवती कथा | यस्या: श्रवणमात्रेण हरिश्चित्तं समाश्रयेत् ||” श्रीमद्भाग...
-
निगमकल्पतरोर्गलितं फलं , शुकमुखादमृतद्रवसंयुतम् | पिबत भागवतं रसमालयं , मुहुरहो रसिका भुवि भावुकाः || महामुनि व्यासदेव के द्वारा न...
-
॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥ श्रीमद्भागवतमहापुराण दशम स्कन्ध (पूर्वार्ध) – तीसवाँ अध्याय..(पोस्ट०५) श्रीकृष्ण के विरह में गोपियो...
-
॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥ श्रीमद्भागवतमहापुराण अष्टम स्कन्ध – आठवाँ अध्याय..(पोस्ट०२) समुद्रसे अमृतका प्रकट होना और भगवान्...
-
शिवसंकल्पसूक्त ( कल्याणसूक्त ) [ मनुष्यशरीर में प्रत्येक इन्द्रियका अपना विशिष्ट महत्त्व है , परंतु मनका महत्त्व सर्वोपरि है ; क्यो...
-
☼ श्रीदुर्गादेव्यै नम: ☼ क्षमा-प्रार्थना अपराध सहस्राणि क्रियन्तेऽहर्निशं मया । दासोऽयमिति मां मत्वा क्षमस्व परमेश्वरी ।। 1...



